आचार्य प्रशांत तिवारी जी के मुखारबिंद से अमृतमयी शिव कथा का श्रोता करेंगे रसपान
भिण्ड ब्यूरो – भव्य कलश यात्रा के साथ सप्तम श्रावण महोत्सव का हुआ शुभारंभ, आचार्य प्रशांत तिवारी ने बताया शिव कथा का महत्व
श्रावण माह के पावन अवसर पर श्री बोरेश्वर महादेव की छत्रछाया में सप्तम श्रावण महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। शिव कथा के पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
कथा प्रवक्ता आचार्य प्रशांत तिवारी जी ने अपने वक्तव्य में शिव कथा की महिमा बताते हुए कहा कि शिव कथा का श्रवण करने से केवल श्रोताओं का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जीव का कल्याण होता है। उन्होंने भगवान शिव की आराधना और श्रावण मास के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
आचार्य तिवारी ने रुद्राभिषेक की महिमा बताते हुए कहा कि श्रावण मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और इस दौरान जलधारा से भगवान शिव का अभिषेक करने का विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त, शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से श्री बोरेश्वर धाम पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का आयोजन प्रारंभ होगा। शिव प्रेमी भक्तजन इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक कर सकते हैं।
श्रावण महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बोरेश्वर धाम में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।


