भारत विकास परिषद की जिला समन्वय बैठक संपन्न, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव विनीत गर्ग ने दिया मार्गदर्शन
भारत विकास परिषद जिला भिण्ड की एक महत्वपूर्ण जिला समन्वय बैठक शनिवार को इटावा रोड स्थित होटल दावत में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव श्री विनीत गर्ग जी मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष श्री अमित जी जैन ने की व क्षेत्रीय संस्कार प्रमुख श्रवण पाठक मंचासीन रहे
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ किया गया। तत्पश्चात भिण्ड जिले की चारों शाखाओं— भिण्ड, गोहद, विवेकानंद एवं जागृति शाखा के दायित्वधारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
संगठन के पंच-सूत्रों पर दिया जोर:
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव श्री विनीत गर्ग जी ने कहा कि भारत विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और संस्कार पहुँचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे परिषद के ‘पंच-सूत्र’— संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण को अपने दैनिक जीवन और सामाजिक कार्यों में उतारें। उन्होंने भिण्ड जिले में महिला सहभागिता बढ़ाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
शाखाओं ने प्रस्तुत की कार्यप्रगति रिपोर्ट:
सत्र के दौरान चारों शाखाओं के सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चलाए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा प्रकल्पों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक के उत्तरार्ध में खुला प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पदाधिकारियों ने संगठनात्मक विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन नगर समन्वयक डॉ साकार तिवारी व अतिथियों का आभार नगर सह समन्वयक शैलेंद्र शर्मा ने किया बैठक में चारों शाखाओं के त्रि-प्रमुख दायित्वधारी (अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष), सभी गतिविधि प्रमुख, महिला सहभागिता प्रतिनिधि, शाखा प्रभारी तथा प्रांतीय व क्षेत्रीय स्तर के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।


