– एडीएम को सौंपा ज्ञापन, कलेक्टर ने संत कालीदास महाराज से फोन पर की बात
भिण्ड, 24 जून। ग्वालियर-भिण्ड हाईवे 719 को लेकर आरटीआई में मिली जानकारी के अनुसार डीपीआर अभी शुरुआती फेज में है, संत समाज ने शनिचरा धाम पर बैठक में आज कलेक्टर के माध्यम से सरकार से जबाव मांगा कि आरटीआई की जानकारी झूठी है या सरकार की जानकारी। इसी मुद्दे को लेकर संत समाज ने सरकार से जबाव मांगने का निर्णय लिया है।
अखिल भारतीय संत समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज आज भूतपूर्व सैनिकों और समाज सेवियों के साथ कलेक्टर से मिलने पहुंचे, लेकिन कलेक्टर बैठक में चले गए, उनकी अनुपस्थित में एडीएम भिण्ड को ज्ञापन सौंपा।
संत कालीदास महाराज ने कहा कि कलेक्टर को बता देना 15 दिन में जानकारी दो कि सरकार ने भिध्ड की जनता को झूठ क्यों बोला, 16 मार्च को हमें लिखित में क्यों दिया, ग्वालियर भिण्ड मुरैना के संत समाज को गुमराह किया गया, यह अनैतिकता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि 15 दिन इंतजार करेंगे, उसके बाद संत समाज भिण्ड की जनता के साथ मिलकर बड़ा निर्णय करेगा, हम यह झूठ सहन नहीं कर सकते। एडीएम को ज्ञापन देने वालों में संत श्यामल दास, संत हरिओमानंद, संत सत्यनारायण दास, इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन सैनिक संगठन के कैप्टन कालीचरण शर्मा, सूबेदार राजेश शर्मा, सूबेदार मेजर श्यामसुंदर शर्मा, गोपाल शर्मा, सूबेदार रामदत्त शुक्ला, समाजसेवी रॉकी तोमर, गौरव तोमर, अरविन्द शर्मा दतावली, जीतू दीक्षित आदि शामिल रहे।


