– कोचिंग सेंटर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने किया संवाद, छात्रों के सवालों का दिया जवाब
भिण्ड, 24 जून। मप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर भिण्ड में ‘युवा जन संवाद-छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेल्द्र सिंह भदौरिया पिंकी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का दल शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में पहुंचा और तैयारी कर रहे छात्रों, एमपीपीएससी, पीएमटी, पीईटह, हायर एजुकेशन की तैयारी कर रहे सैकड़ों छात्रों से सीधा संवाद किया।
कांग्रेस पार्टी का मानना है कि घोषणा-पत्र एसी कमरों में नहीं, छात्रों के बीच बैठकर बनना चाहिए। इसलिए ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से युवाओं की असली समस्या, उनके सपने और सरकार से उनकी उम्मीदों को समझकर कांग्रेस अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी।
छात्रों ने पूछे ये तीखे सवाल, कांग्रेस नेताओं ने दिया जवाब
सवाल: पेपर लीक से हमारा साल बर्बाद हो जाता है, कांग्रेस क्या करेगी?
जवाब: जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने साफ कहा है कि कांग्रेस की सरकार आते ही पेपर लीक विरोधी कानून बनेगा। पेपर लीक किया तो सीधा उम्रकैद। 30 लाख खाली पदों पर कैलेंडर से पक्की भर्ती होगी। दिग्विजय सिंह जी के राज में 2.5 लाख नौकरी मिली थी, वो दौर वापस लाएंगे।
सवाल: कोचिंग फीस एक लाख से ऊपर है, स्कूल में पढ़ाई नहीं होती। गरीब बच्चा कैसे पढ़े?
जवाब: 2003 तक शिक्षा बजट 20 प्रतिशत था, आज 13 प्रतिशत है। कांग्रेस सरकार आते ही शिक्षा बजट डबल करेगी। सीएम राइज नहीं, हर सरकारी स्कूल को पीएमश्री से बेहतर बनाएंगे ताकि कोचिंग की जरूरत ही न पड़े। ईजीएस की तरह हर टोले में क्वालिटी एजुकेशन पहुंचेगी।
सवाल: डिग्री लेकर भी बेरोजगार घूम रहे हैं, मुद्रा लोन से पकोड़े तलें क्या?
जवाब: कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने जवाब देते हुए कहा कि ‘पहली नौकरी पक्की योजना’ लाएगी। हर ग्रेजुएट को एक साल अप्रेंटिसशिप+ एक लाख स्टाइपेंड। हम डिग्री की इज्जत करते हैं। रोजगार का मतलब सम्मानजनक नौकरी है, मजबूरी नहीं।
सवाल: हॉस्टल-मेस महंगा है, लड़कियों की सेफ्टी का क्या?
जवाब: जिलाध्यक्ष पिंकी भदौरिया और विनोद पं. ने कहा कि जिला मुख्यालयों पर ‘राजीव गांधी छात्रावास’ खोले जाएंगे। लड़कियों के लिए फ्री बस सेवा और साइकिल योजना फिर शुरू होगी। साइकिल योजना की नींव ही दिग्विजय सिंह जी ने रखी थी। युवाओं को अपने अधिकार और हक के लिए जागरूक होना पड़ेगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया ने छात्रों को संवाद करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं को अपने अधिकार के लिए जागरूक होना पड़ेगा, जिससे वो अपने समस्याओं को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों से सवाल कर सके। जिससे हिन्दुस्तान में बदलाव शुरू हो सके। कार्यक्रम में डॉ. अनिल भारद्वाज, विनोद पंडित, बृजेन्द्र सिंह मुन्ना भदौरिया, शिवा भदौरिया, हसरत हयात आदि कांग्रेस नेता उपस्थित थे।


