– लगभग दो लाख सत्तर हजार 0-5 वर्ष तक के बच्चों का लक्ष्य
भिण्ड, 24 जून। जिले में कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून रविवार को 2248 बूथ लगाकर जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षा हेतु दो बूंद पल्स पोलियो की पिलाई जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि प्रथम दिवस ही बूथ पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव ने बताया कि विगत 14 वर्षों से भारतवर्ष पोलियो मुक्त है। 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त प्रमाणित किया गया था, जो एक बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, विश्व के कुछ भागों और हमारे कुछ पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस का संक्रमण जारी है, जिससे आयातित मामलों का खतरा बना रहता है। इसको दृष्टिगत रखते हुए भारत सरकार द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार 28 जून रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान जिले में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दवा अवश्य पिलवाएं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर ने बताया कि इस हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, जिसमें जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग दो लाख सत्तर हजार बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस हेतु 4495 कार्यकर्ता पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे, जिनमें 55 टीमें जिले में मोबाईल टीम की तरह कार्य करेंगी तथा 36 टीमें बस स्टेण्ड तथा जिले के आवागमन स्थलों पर लगाई जाएंगी। पल्स पोलियो की सतत मॉनिटरिंग हेतु 243 सुपर वाईजर नियुक्त किए गए हैं। अभियान की सतत् मॉनिटरिंग हेतु जिले के अधिकारियों को ब्लॉक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिसमें डॉ. आरएस सेमिल ब्लॉक फूप, डॉ. आलोक शर्मा ब्लॉक मेहगांव, डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह रौन, डॉ. डीके शर्मा ब्लॉक अटेर, डॉ. अवधेश सोनी ब्लॉक लहार, ज्योति अंसोलिया ब्लॉक गोहद एवं सौरभ शर्मा को भिण्ड अर्बन आवंटित किए गए हैं। यह भी बताया गया है कि किन्हीं कारणों से जो बच्चे छूट जाते हैं तो उन्हें 29 तथा 30 जून को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।


