– धार्मिक स्थल पर जाने वाला रास्ता पिछले 20 वर्षों से था कब्जे में
भिण्ड, 23 जून। लहार क्षेत्र ग्राम जमुहा में शासकीय रास्ते का पिछले 20 वर्ष से विवाद में था। यह शासकीय रास्ता लगभग 200 मीटर लंबा एवं 66 फीट चौड़ा था। जिस पर ग्रामीण झुण्डीलाल पुत्र बैजनाथ, संतोष कुमार, रामकुमार एवं अरविन्द कुमार पुत्रगण कृपाराम द्वारा रास्ते को नष्ट करके खेती की जा रही थी। मामला जब एसडीएम लहार विजय सिंह यादव की संज्ञान में आया तब उन्होंने चार पटवारियों का दल बनाकर विवादित भूमि सर्वे नं.1057 के विधिवत सीमांकन के आदेश दिए, जिसके क्रम में तहसीलदार दीपक शुक्ला के निर्देशन में राजस्व दल द्वारा ग्राम जमुहा पहुंचकर भूमि का सीमांकन किया गया।
राजस्व दल एवं पुलिस बल की उपस्थिति में शासकीय रोड का कार्य प्रारंभ करवाया गया। सीमांकन पश्चात सर्वे क्र.1057 पर मंगलवार को एसडीएम के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शासकीय मुरम रोड का निर्माण प्रारंभ करवाया। अतिक्रमण हटाने एवं सड़क निर्माण के पश्चात ग्रामीण मन्दिर पर पूजा अर्चना करने के लिए अब निर्वाध रूप से पहुंच सकेंगे। कार्रवाई के दौरान राजस्व मौजा पटवारी रविन्द्र सिंह कुशवाहा एवं पटवारी योगेन्द्र, अनिल एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।


