– शहर में माखनभोग, डिड़ी पर दावत होटल के बाद फूप कस्बे में चला निरीक्षण अभियान
भिण्ड, 22 जून। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा को प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच के लिए शहर एवं फूप कस्बे में निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न होटलों, मिष्ठान भंडारों और किराना प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने कई खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेज दिए हैं।
फूड सेफ्टी टीम ने सबसे पहले शहर स्थित माखन भोग होटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होटल में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम ने होटल से पनीर, आटा और सरसों तेल के नमूने लिए, जिन्हें सुरक्षित तरीके से सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान दावत होटल की भी जांच की गई। यहां खाद्य सामग्री के भंडारण और रखरखाव व्यवस्था में कुछ कमियां पाई गईं। फूड सेफ्टी अधिकारियों ने होटल संचालक को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने को कहा गया।
इसके बाद फूड सेफ्टी टीम फूप कस्बे में पहुंची, जहां विभिन्न मिष्ठान भंडारों और किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अलग-अलग दुकानों से नमूने एकत्र किए गए। फूप में स्थित मां दुर्गा मिष्ठान भंडार से बूंदी लड्डू का नमूना लिया गया। इसी प्रकार मिंटू मिष्ठान भंडार से बर्फी तथा मोनू मिष्ठान भंडार से पेड़ा का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया। टीम ने भुजबल किराना स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां से घी और विनेगर के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को खाद्य गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।
फूड सेफ्टी अधिकारी किरण सेंगर ने बताया कि कलेक्टर को प्राप्त शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


