– जन सामान्य से समान नागरिक संहिता के संबंध में की जाएगी चर्चा
ग्वालियर, 22 जून। राज्य शासन द्वारा समान नागरिक संहिता के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक ग्वालियर में जन परामर्श के लिए 25 जून को सुबह 11 बजे से नगर निगम के बाल भवन में आयोजित की गई है। अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में जनप्रतिनिधि, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक संगठनों तथा सभी समुदायों के प्रतिनिधियों के समक्ष समान नागरिक संहिता पर चर्चा एवं सुझाव लिए जाएंगे।
हाथकरघा कार्यालय में औद्योगिक प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित
ग्वालियर। जिला हाथकरघा कार्यालय की कौशल एवं तकनीकी विकास योजनांतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए 10 अजा वर्ग के हितग्राहियों को औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाना है। योजना के प्रावधान अनुसार प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु स्व-सहायता समूह, उद्यमी, अशासकीय पंजीयन संस्थाएं एवं शासकीय संस्थाएं, निगम बोर्ड, विभागीय प्रशिक्षण संस्था से आवेदन पत्र 30 जून तक आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक संचालक हाथकरघा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान क्रियान्वयन एजेंसी को उसके उद्देश्यों एवं गतिविधियों के अंतर्गत सहायता की पात्रता होगी। आवेदक संस्था विगत तीन वर्षों से हाथकरघा क्षेत्र के माध्यम से स्वयं के व्यापार एवं व्यवसाय में संलग्न होना चाहिए। संस्था/ समूह को प्रशिक्षण, हितग्राहियों को स्वयं के अथवा संस्था/ समूह में व्यापार व्यवसाय में संलग्न होना आवश्यक है। प्रशिक्षण के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में हाथकरघा कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

