– जन शिक्षण संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 21 जून। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम जय महाकाल पब्लिक स्कूल अकोड़ा एवं वीरेन्द्र वाटिका कार्यालय परिसर में मानाया गया। जिसका विषय ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ था। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात:काल सामूहिक योग सत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षक अनुज दीक्षित एवं रेखा अग्रवाल द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, पवन मुक्तासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी एवं ध्यान की प्रक्रियाओं का भी अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों को शारीरिक एवं मानसिक शांति का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक अनुज दीक्षित ने संस्थान के अधिकारियों को योग के महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली, बढ़ते तनाव एवं विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। योग के माध्यम से व्यक्ति स्वयं को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बना सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि नियमित योगाभ्यास से उनकी एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता में वृद्धि हुई है। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा योग के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना था। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुखी और संतुलित जीवन जीने की कला है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक जितेन्द्र कुमार शर्मा, योग प्रशिक्षक अनुज दीक्षित, योग प्रशिक्षिका रेखा अग्रवाल, कार्यक्रम अधिकारी संतोश कुमार दुबे, योगेन्द्र सिंह तोमर, सहायक कार्यक्रम अधिकारी विनोद शर्मा, संतोष गुर्जर, लिपिक अजय सिंह कुशवाह, कंप्यूटर ऑपरेटर दीपेन्द्र चतुर्वेदी, प्रशिक्षिका मिथलेश सोनी, 95 स्थानीय महिला एवं पुरूष उपस्थित रहे।


