– कहा- लोकसभा में प्रश्न भी लगाऊंगी और केन्द्र सरकार तक विषय पहुंचाऊंगी
भिण्ड, 21 जून। चंबल अंचल की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से चल रहे गौ-हद धाम एवं श्रीकृष्ण गमन पथ विस्तार अभियान को उस समय महत्वपूर्ण बल मिला जब भिण्ड-दतिया सांसद संध्या राय से प्रतिनिधि मण्डल की आत्मीय एवं सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधि मण्डल ने सांसद को गोहद (गौ-हद धाम), प्राचीन मन्दिरों, देवस्थानी संपत्तियों, चंबल क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहरों तथा श्रीकृष्ण गमन पथ योजना से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा।
सांसद संध्या राय ने विषय को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि चंबल अंचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस विषय को वे लोकसभा में प्रश्न के माध्यम से उठाने का प्रयास करेंगी तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित मंत्रालयों एवं केन्द्र सरकार के समक्ष भी रखेंगी। उन्होंने कहा कि भिण्ड-दतिया क्षेत्र केवल ऐतिहासिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत समृद्ध है। क्षेत्र की विरासत, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने के लिए जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र का विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और जनता की भावनाओं का सम्मान उनकी प्राथमिकताओं में सदैव शामिल रहा है और आगे भी रहेगा। प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें अवगत कराया कि गोहद में अनेक प्राचीन मन्दिर, जग्गाएं, धार्मिक संस्थाएं एवं देवस्थानी संपत्तियां मौजूद हैं। स्थानीय संत परंपराओं और जनश्रुतियों में गोहद को ‘गौ-हदÓ तथा ‘मध्य प्रदेश का वृंदावनÓ के रूप में स्मरण किया जाता है। साथ ही चंबल अंचल के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों जैसे दंदरौआ धाम, रावतपुरा सरकार धाम, पीताम्बरा शक्ति पीठ, मितावली, पढ़ावली, काकनमठ, अटेर किला, कुंतलपुर एवं कर्ण कुण्ड को एक सांस्कृतिक पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित करने का सुझाव भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक के पश्चात उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि जन प्रतिनिधियों, संत समाज और जनता के सामूहिक प्रयासों से चंबल अंचल की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रतिनिधि मण्डल में कवि गौरवराज सोनी (तेजस्वी), पुखराज भटेले, एडवोकेट नारायण शर्मा, श्रीकांत सोनी सहित सामाजिक कार्यकर्ता एवं धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।


