– कल्याणपुरा में बुजुर्ग महिला की हत्या कर की थी लूट
– महिला मित्र के घर ठहरकर की थी रेकी, मुरैना से ढाई लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद
– एसआईटी ने 150 संदिग्धों से की पूछताछ, 500 से अधिक मोबाइल डेटा और 100 सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता
भिण्ड, 20 जून। जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कल्याणपुरा में करीब 14 महीने पूर्व हुई बुजुर्ग महिला की सनसनीखेज हत्या और डकैती के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर चम्बल जोन के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने करीब 2.50 लाख रुपए कीमत के चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। घटना में शामिल अन्य 6 फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह खौफनाक वारदात 14-15 अप्रैल 2025 की रात की है। ग्राम कल्याणपुरा निवासी फरियादी और उनकी पत्नी सुशीला अपने घर में सो रहे थे। फरियादी नीचे कमरे में था, जबकि उनकी पत्नी सुशीला छत पर अकेली सो रही थीं। सुबह करीब 4:30 बजे जब पति छत पर गया, तो सुशीला लोहे की खटिया पर औंधे मुंह मृत पड़ी मिलीं। अज्ञात बदमाशों ने महिला का मुंह दबाकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी थी और छत पर बने कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे लाखों के सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में धारा-103 (1), 331 (8), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
150 संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण से खुला राज
मामला बेहद पेचीदा और पुराना होने के कारण पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं एएसपी प्रदीप पटेल के निर्देशन में एक विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया गया था। इस टीम ने बारीकी से साक्ष्य जुटाने के लिए 150 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। 500 से अधिक मोबाइल नंबरों के तकनीकी साक्ष्यों (सीडीआर और लोकेशन) का विश्लेषण किया। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद मुख्य संदिग्ध की पहचान हो सकी।
महिला मित्र के घर रुककर की थी रेकी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी रिंकू उर्फ महावीर पुत्र रामदयाल राठौर निवासी ग्राम बंबापुरा लहर थाना दिमनी मुरैना बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। वारदात को अंजाम देने से पहले वह कल्याणपुरा में अपनी एक महिला मित्र के घर ठहरा हुआ था। वहीं से उसने पीड़ित परिवार और घर की पूरी रेकी की थी। इसके बाद अपने 6 अन्य शातिर साथियों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ कुल 27 अपराध दर्ज हैं।
ग्राम देहरा से दबोचा गया मुख्य आरोपी, माल बरामद
17 जून को मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को ग्राम देहरा से अपनी अभिरक्षा में लिया। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर उसके मुरैना स्थित घर से चोरी गया ढाई लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। जिसमें एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी कानों की बाली, एक सोने की अंगूठी, एक नाक की बाली, तीन चांदी की बिछिया हैं।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत, एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले के नेतृत्व में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, निरीक्षक मुकेश शाक्य, उपनिरीक्षक अजय यादव, वैभव तोमर, अतुल भदौरिया, मुनेन्द्र सिंह राठौर, रत्ना जैन और सायबर व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स सहित पूरी एसआईटी की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।


