– नीट (यूजी) पुन: परीक्षा 21 जून को
– कलेक्टर ने परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
भिण्ड, 20 जून। कलेक्टर ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुन: परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने शा. एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड पहुंचकर सूक्ष्मता से जांच करते हुए आवश्यक सुधार तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने, स्वच्छ शौचालय, पेयजल के साथ-साथ सभी कक्षों में प्रकाश तथा सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता के बारे में जानकारी ली एवं बेहतर प्रबन्ध किये जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों में समस्त गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए और समय-समय पर मॉनिटरिंग करते रहें। यदि किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तत्काल सूचित किया जाए ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीट (यूजी) पुन: परीक्षा से जुड़ी तैयारियों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए और किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्वनिश्चित हों। यह महत्वपूर्ण परीक्षा है, परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


