– अटेर विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण मांग को मिला नया बल
भिण्ड, 16 जून। अटेर विधानसभा क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित एवं अत्यंत महत्वपूर्ण मांग को लेकर केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा मप्र शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को पत्र प्रेषित किए जाने से क्षेत्रवासियों में आशा और विश्वास का वातावरण बना है। जो अटेर क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
ज्ञात हो कि अटेर विधानसभा क्षेत्र के अटेर एवं सुरपुरा में पोस्ट मार्टम भवन का अभाव लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए एक गंभीर समस्या बना हुआ है। किसी भी दुर्घटना, अप्राकृतिक मृत्यु अथवा अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में मृतकों के परिजनों को पोस्ट मार्टम की प्रक्रिया के लिए भिण्ड अथवा अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। दु:ख की घड़ी में यह अतिरिक्त परेशानी लोगों की पीड़ा को और बढ़ा देती है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस मूलभूत सुविधा की मांग कर रही थी, किंतु आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी थी। अटेर विधानसभा क्षेत्र की जनता की इस महत्वपूर्ण मांग को भारतीय जनता युवा मोर्चा भिण्ड के जिला उपाध्यक्ष आशीष शिवशंकर समाधिया खेरी द्वारा प्रमुखता से केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष रखा। उन्होंने सिंधिया को अवगत कराया कि अटेर क्षेत्र के हजारों परिवार वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं तथा पोस्टमार्टम भवन का निर्माण क्षेत्र की अत्यंत आवश्यक जरूरत है। जनता की भावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए सिंधिया ने तत्काल संज्ञान लिया तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल जी को पत्र लिख कर अटेर एवं सुरपुरा क्षेत्र में पोस्ट मार्टम भवन निर्माण हेतु प्रस्तावित 26.58 लाख की राशि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। सिंधिया की इस पहल को अटेर विधानसभा क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर आशीष शिवशंकर समाधिया खेरी ने कहा कि अटेर विधानसभा का विकास केवल बड़े-बड़े वादों से नहीं, बल्कि जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान से होगा। क्षेत्र की जनता को वर्षों से जिन सुविधाओं का इंतजार है, उन्हें धरातल पर लाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम भवन की मांग किसी राजनीतिक लाभ का विषय नहीं, बल्कि जनहित और मानव संवेदना से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने कहा कि अटेर विधानसभा क्षेत्र का सिंधिया से वर्षों पुराना आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहा है। जब-जब क्षेत्र की जनता ने अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा है, तब-तब उन्होंने संवेदनशीलता के साथ उन विषयों को शासन और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाने का कार्य किया है। यही कारण है कि अटेर विधानसभा की जनता का विश्वास आज भी सिंधिया के नेतृत्व पर अटूट बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अटेर विधानसभा क्षेत्र विकास की असीम संभावनाओं वाला क्षेत्र है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभी भी अनेक कार्य किए जाने शेष हैं। ऐसे समय में क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए पोस्टमार्टम भवन निर्माण के विषय को आगे बढ़ाना निश्चित रूप से एक सकारात्मक पहल है।
समाधिया ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार इस जनहितैषी विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर अटेर विधानसभा क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम भवन का निर्माण होने से अटेर, सुरपुरा सहित आसपास के अनेक गांवों के हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा कठिन परिस्थितियों में लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अंत में समाधिया खेरी ने अटेर विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी मानकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना ही सच्ची जनसेवा है। सिंधियी का यह प्रयास अटेर विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को पुन: प्रमाणित करता है।


