– पोषण निगरानी समिति की बैठक आयोजित
भिण्ड, 11 जून। पोषण निगरानी समिति की बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने भारत सरकार द्वारा संचालित पोषण ट्रेकर ऐप पर एफआरएस के माध्यम से हितग्राहियों की प्रविष्टि शत प्रतिशत पूर्ण कराए जाने हेतु परियोजना अधिकारी समस्त को निर्देशित किया। साथ ही परियोजना अंतर्गत दर्ज पात्र हितग्राहियों के आधार अपडेशन का कार्य 20 दिवस में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पोषण ट्रेकर ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण हेतु संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग भोपाल को पत्र भेजने के निर्देश दिए एवं जिला समन्वयक जिला कार्यालय को निर्देशित किया कि परियोजनाओं में पदस्थ, पर्यवेक्षक एवं ब्लॉक कार्डिनेटर को परियोजना वार प्रशिक्षण आयोजित कराएं। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दर्ज बच्चों का वजन अभियान के तहत पंजीकृत सेम, मेम बच्चों की समीक्षा की गई, जिसमें भिण्ड में संचालित एनआरसी में लक्ष्य के विरुद्ध बच्चे भर्ती न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत भी निर्धारित मासिक लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि कम होने पर परियोजना अधिकारियों से अप्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही विभागीय योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी समस्त को निर्देशित किया कि परियोजना स्तर पर कार्य कर रहे महिला स्व सहायता समूहों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित स्व सहायता समूह का नवीन अनुबंध निष्पादित नहीं किए जाएं।


