– जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित
भिण्ड, 11 जून। जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलसीसी/ डीएलआरसी) की त्रैमासिक बैठक कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति एवं बैंकों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने बैठक के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मछली पालन योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए बैंकों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। साथ ही हितग्राही को लाभ देने के बाद भी ऋण चुकाने तक साथ देकर प्रोत्साहित किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर सभी बैंकों को निर्देश दिए कि शिकायतों का शत प्रतिशत संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में अभी लक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं। बैठक में डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। साथ ही भारतीय स्टेट बैंक, गाता शाखा के स्थानांतरण संबंधी विषय पर भी चर्चा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ, डिप्टी कलेक्टर एवं पीओ डूडा, अग्रणी जिला प्रबंधक भिण्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


