– शा. पॉलीटेक्निक भिण्ड में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की काउंसलिंग शुरू
भिण्ड, 10 जून। प्राचार्य शा. पॉलिटेक्निक महाविद्यालय भिण्ड ने बताया कि आईटीआई के पास स्थित शा. पॉलीटेक्निक महाविद्यालय भिण्ड में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। संचालनालय तकनीकी शिक्षा द्वारा जारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की ऑनलाइन काउंसलिंग समय सारिणी के अनुसार द्वितीय चरण के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 18 जून तक संचालित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पंजीयन कर अपनी पसंद के संस्थान एवं पाठ्यक्रमों का चयन (चॉइस फिलिंग) कर सकते हैं। पंजीयन में संशोधन (एडिट रजिस्ट्रेशन) की सुविधा 19 एवं 20 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी। इसके बाद मेरिट सूची जारी कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं अथवा सीधे शा. पॉलीटेक्निक महाविद्यालय भिण्ड से संपर्क 9926662824, 8770673176, 9575148533 पर कर सकते हैं।
सीएलसी के माध्यम से भी मिलेगा प्रवेश का अवसर
द्वितीय चरण की चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 22 जून तक चलेगी। इसके अंतर्गत अभ्यर्थियों को पुन: पंजीयन, संशोधन एवं चॉइस फिलिंग का अवसर दिया जाएगा। द्वितीय चरण की काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर संस्थागत स्तर की काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से 6 जुलाई से 14 अगस्त तक प्रवेश दिए जाएंगे। पॉलीटेक्निक महाविद्यालय भिण्ड में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट जैसे रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में किसी भी आयु वर्ग की 10वीं उत्तीर्ण छात्रध्छात्राएं प्रवेश ले सकते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य बीडी पुरोहित ने बताया कि संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी संकाय सदस्य तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान की जाती है। महाविद्यालय में कैम्पस प्लेसमेंट की प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध है।
छात्रवृति योजनाओं का मिलेगा लाभ
महाविद्यालय में अजा, अजजा, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र/ छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति, सामान्य वर्ग की पात्र छात्र/ छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति तथा मेरिट के आधार पर प्रगति, यशस्वी एवं सक्षम छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उपलब्ध है।

