– एक घायल, आक्रोशित भीड़ ने डंपर को फूंका
भिण्ड, 07 जून। दबोह नगर के कोंच रोड पर रेहकोला मन्दिर के आगे तेज रफ्तार डंपर ने विपरीत दिशा से आ रही मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में वाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उस पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हिम्मत रजक उम्र 30 साल निवासी सलैया बुजुर्ग, थाना केलिया, जिला जालौन के रूप में हुई है। मृतक की पिछली साल ही शादी हुई थी उसकी एक बच्ची भी है। वहीं हादसे में घायल व्यक्ति का नाम दिनेश रजक है, जिसे इलाज के लिए तत्काल लहार स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार नशे की हालत में थे और तलाशी के दौरान मृतक की जेब से शराब के कुछ पाउच भी बरामद हुए हैं। हादसे के बाद डंपर चालक मौके स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर को घेरकर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते डंपर धू-धू कर जलने लगा।
भारी पुलिस बल तैनात, मामला दर्ज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आलमपुर, रावतपुरा और लहार थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने बमुश्किल हालात पर काबू पाया। दबोह थाना पुलिस ने डंपर चालक सोनू रायकवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(1) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।


