– वारदात के 24 घण्टे के अन्दर खुलासा, घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद
भिण्ड, 07 जून। देहात थाना पुलिस ने फायरिंग कर हत्या करने के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे ग्राम हीरालाल पुरा में पुरानी रंजिश के चलते आरोपी पिता-पुत्र ने फरियादी उदयवीर सिंह भदौरिया व शिवम भदौरिया के ऊपर जान से मारने की नियत से फायर कर दिए थे। जिससे शिवम भदौरिया के पसली में गोली लगने से वह घायल हो गया था। शिकायत पर से दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्र.353/26 धारा 109(1), 296, 3(5) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, एएसपी संजीव पाठक के निर्देशन में व सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देहात शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में गोली मारने वाले बदमाशों की धरपकड़ हेतु टीम गठित की गई। गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की पतारसी प्रारंभ कर दी गई थी। टीम द्वारा घटना में शामिल दोनों आरोपी पिता-पुत्र को 24 घण्टे के अंदर चरथर मोड़ बिजली के घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा जब्त किया गया। इस कार्रवाई निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक धर्म सिंह तोमर, विजय शिवहरे, अजय यादव, प्रधान आरक्षक नीरज, सतेन्द्र यादव सायबर सेल, आरक्षक फिरोज खान, अनुज छारी, सरजीत परिहार, कुलदीप कसोटिया, रामकुमार जाट, दीपक जादौन, आजाद खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


