– नाम और शहर बदलकर काट रहा था फरारी
भिण्ड, 31 मई। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत देहात थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पिछले 7 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर स्थाई वारंटी विनोद कुमार कुशवाह उम्र 34 वर्ष पुत्र भगवान सिंह निवासी सुमावली जिला मुरैना को घेराबंदी कर दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पकड़ा गया वारंटी विनोद कुमार कुशवाह बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। वह पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने पिछले 7 सालों में कई बार अपने नाम और रहने का शहर बदला, ताकि पुलिस की नजरों से बचा रह सके। भले ही आरोपी विनोद पुलिस को चकमा देने के लिए पैंतरे बदल रहा था, लेकिन देहात थाना पुलिस का मुखबिर तंत्र उस पर मुस्तैदी से नजर रखे हुए था। जैसे ही पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी छिपते-छिपाते अपने गांव सुमावली आया हुआ है, पुलिस ने बिना वक्त गंवाए जाल बिछा दिया।
सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन और देहात थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल सुमावली पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे धर दबोचा। इस कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के साथ उपनिरीक्षक अजय यादव, प्रधान आरक्षक गुरुदास सोही, आरक्षक अवधेश चौहान, भूपेन्द्र तोमर, कमल तोमर, अजीत सिकरवार, सुमित शर्मा, फिरोज खान और ज्ञानेन्द्र मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।


