– गोरमी पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा
भिण्ड, 31 मई। पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा व एएसपी संजीव पाठक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मेहगांव संजय कौच्छा के निर्देशन में थाना प्रभारी गोरमी आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में गुमशुदा पिंटू करण के मामले में अंधे कत्ल का खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार 10 मई को फरियादी रामकुमार करण निवासी माता का पुरा सिकरौदा ने थाने में अपने लड़के पिंटू करण उम्र 19 साल की बिना बताए कही चले जाने की शिकायत की थी, जिस पर से गुम इंसान क्र.18/26 कायम कर जांच में लिया गया, दौराने जांच पुलिस अधीक्षक को विश्वनीय मुखबिर द्वारा पिंटू करण के साथ कोई गंभीर घटना घटित होने की सूचना मिली, उन्होंने एसडीओपी मेहगांव, थाना प्रभारी गोरमी को गुमशुदा की पतारसी हेतु विशेष अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया। रविवार को जरिए विश्वनीय मुखबिर से सूचना मिली कि गुमशुदा पिंटू करण के मामले में संदेही लहार में घूम रहा है, जिस पर से थाना प्रभारी गोरमी ने टीम बनाकर संदेही को पकड़ा, जिससे हिकमत अमली से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिटू करण का एक वर्ष पूर्व शादी समारोह में संदेही के दोस्त से झगड़ा हुआ था एवं पिंटू ने उसके दोस्त की रिश्तेदारों के सामने मारपीट की, यह बात दोस्त ने संदेही को बताई एवं उसी दिन से पिटू करण से बदला लेने के लिए दोनों घूमने लगे, 10 मई को पिंटू करण उन्हें भिण्ड में मिल गया, तो वह पिंटू को पुराने गिले सिकवे भुलाकर बहला फुसलाकर पार्टी करने के लिए सिंध नदी के किनारे इंदुर्खी ले गए, जहां पर उन्होंने पार्टी की, जब पिंटू करण नशे में आ गया, तो संदेही ने उसके पैर पकड़े एवं उसके दोस्त ने पिंटू का अपनी तौलिया से गला दबा दिया, जब वह मर गया तो उसे सिंध नदी के किनारे गड्ढे में घसीटते हुए ले जाकर पटक दिया एवं ऊपर से रेत डाल दिया। संदेही के बताए अनुसार घटना स्थल पर पहुंचे, जहां पर मानव शरीर की अस्थियां, मृतक के कपड़े, घड़ी, चूड़ा मिले, उक्त सामग्री की मृतक के परिजनों ने पहचान की। अपराध सदर में प्रयुक्त तौलिया आरोपी ने जब्त कराई। उक्त गुमशुदा सदर पर से अपराध क्र.165/26 धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीवद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रकरण सदर में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई निरीक्षक आशुतोष शर्मा, उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा, आरक्षक पंकज शुक्ला, राजकुमार, सुभाष सुमन, सुनील लोधी, थाना लहार से आरक्षक विशाल मिश्रा, जय भारद्वाज, कौशल जाट, दीपक राजावत, सुशील शर्मा, शैलेन्द्र शुक्ला व सायबर सेल से सउनि सत्यवीर, आरक्षक राहुल यादव की सराहनीय भूमिका रही।


