– चालक सुरक्षित, कार पर गोलियों के निशान, कांच टूटा
भिण्ड, 31 मई। शहर में रविवार दोपहर दिनदहाड़े तीन बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया और असफल होने पर उसकी कार पर फायरिंग कर दी। हालांकि चालक को कोई क्षति नहीं हुई लेकिन कार के पीछे के हिस्से में गोलियां लगने से नुकसान हुआ है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अटेर निवासी अजीत भदौरिया उर्फ अज्जू रविवार दोपहर अपनी कार से शहर की ओर आ रहे थे। करीब ढाई से तीन बजे के बीच जब वह रेलवे क्रॉसिंग के समीप निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के पास पहुंचे, तभी तीन बाइकों पर सवार कुछ युवक उनके पीछे लग गए। आरोप है कि बदमाशों ने कार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन अजीत भदौरिया ने स्थिति को भांपते हुए वाहन नहीं रोका और तेजी से आगे बढ़ गए। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने पीछा करते हुए कट्टों और बंदूकों से कार पर चार फायर किए। गोलियां कार के पीछे के हिस्से में लगीं, जिससे पीछे का कांच क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन पर गोली के निशान बन गए। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


