– 16 व्यवसायिक ट्रेडों में प्रशिक्षण उपलब्ध
भिण्ड, 31 मई। शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु शासकीय आईटीआई भिण्ड में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 26 मई से प्रारंभ हो चुके हैं तथा अभ्यर्थियों द्वारा चॉइस फिलिंग एक से 30 जून तक की जा सकेगी।
आईटीआई भिण्ड के प्राचार्य संतोष कुमार चौहान ने बताया कि संस्था में इस वर्ष कुल 16 व्यवसायिक ट्रेडों में प्रशिक्षण उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से स्वयं के मोबाइल, कंप्यूटर अथवा एमपी ऑनलाइन/ ऑनलाइन सहायता केन्द्र के माध्यम से पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कर सकते हैं। संस्था में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी एवं रोजगार परक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। अनुभवी प्रशिक्षण अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर विद्यार्थी रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जिले के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में आईटीआई भिण्ड में प्रवेश लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी शासकीय आईटीआई भिण्ड में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।

