– मटेरियल डालने से मन्दिर की हालत खराब
भिण्ड, 27 मई। मालनपुर नगर क्षेत्र तिलोरी वार्ड क्र.9 में स्थित वर्षों पुराने हनुमान मन्दिर पर तिलौरी गांव के श्रद्धालु पूजा अर्चना करते हैं, जिसकी हालत इन दिनों बदहाल होती जा रही है। आरोप है कि पास में इलेक्जर कंपनी में चल रहे नवीन निर्माण कार्य के दौरान कंपनी द्वारा मन्दिर परिसर में भारी मात्रा में मिट्टी, मटेरियल डाला जा रहा है, जिससे मन्दिर परिसर एवं बाउण्ड्री क्षतिग्रस्त होकर तहस-नहस हो गई।
स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों में बंटी गुर्जर, श्यामवीर, गिरीश शर्मा आदि का कहना है कि मन्दिर वर्षों पुरानी आस्था का केन्द्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। बावजूद इसके निर्माण कंपनी द्वारा लापरवाही बरतते हुए मन्दिर परिसर की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा गया।
ग्रामीणों के अनुसार लगातार मटेरियल डालने और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण मन्दिर की दीवारों में दरारें आने लगी हैं, वहीं चारों तरफ से बाउण्ड्री क्षतिग्रस्त हो चुका है। मन्दिर के आस-पास फैली गिट्टी, मिट्टी और निर्माण सामग्री के कारण श्रद्धालुओं को आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर इलेक्जर कंपनी पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा मन्दिर का जीर्णोद्धार कर भरपाई कराई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो मन्दिर को बड़ा नुकसान हो सकता है। वहीं जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इनका कहना है:
”तिलोरी मार्ग पर वर्षों पुराना हनुमानजी का मन्दिर स्थापित है जिस पर हमारा पूरा गांव एवं आसन्पास के लोग रोजाना कई श्रद्धालु पूजा अर्चना करने आते हैं, लेकिन आज-कल इस मन्दिर परिसर की स्थिति काफी खराब है, बगल से बन रही कंपनी द्वारा उल्टा सीधा मटेरियल मन्दिर परिसर में डाल डाल रहे हैं, चारों तरफ बाउण्ड्री भी गिर चुकी है, इस बारे में उच्च अधिकारियों से बात कर शिकायत करूंगा।”
उदय सिंह कुशवाहा, पार्षद वार्ड 9 तिलौरी


