-हमारे शहर के बीच में ही जल का अच्छा स्त्रोत गौरी सरोवर है : कलेक्टर
-गौरी सरोवर पर हुआ दीपदान कार्यक्रम का आयोजन
भिण्ड, 26 मई। जल संवर्धन संकल्प के अनुरूप जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर जल स्त्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और जन जागरूकता को लेकर जिलेभर में श्रमदान, स्वच्छता अभियान, कलश यात्रा और दीपदान जैसे आयोजन किए गए। इसी क्रम में विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में नगर के गौरी सरोवर पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर गंगा दशहरा पर्व मनाया गया। इसके साथ ही जल संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि जल संरक्षण और जल संचयन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पहल की गई हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मप्र में जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। जल संरक्षण केवल आज की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान सफल होते हैं और जिले में जिस उत्साह के साथ लोग इस अभियान से जुड़े हैं, वह अत्यंत प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक कोने में पानी की किल्लत आती है, लेकिन भिण्ड जिले में गौरी मां के कारण पानी की किल्लत नहीं आती। उन्होंने कहा कि कुआं, बावड़ी, बड़े-बड़े तालाब हमारे पूर्वज बनाकर गए हैं वो सब धीरे धीरे खत्म होते जा रहे हैं। लेकिन हम सबका दायित्व बनता है कि अगर हमारे गांव में तालाब है तो तालाब का का गहरीकरण ये सरकार की योजना के साथ साथ एक जन आंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी हमें जिंदगी देता है, इसलिए पानी को बर्बाद नहीं करें, पानी का सदुपयोग करें। हर घर के बाहर सोखता पिट बनाएं और पानी को बर्बाद होने से बचाएं।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि पानी को बचाने के लिए, एक संदेश देने के लिए ये जो कार्यक्रम पिछले दो वर्षों से राज्य में जल गंगा संवर्धन अभियान के नाम से आयोजित हो रहा है। शासन द्वारा इस नाम से कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार की गई है। उसी कड़ी में जल स्त्रोतों को नमन करना जो कि हमारी परम्परा भी है। उसके माध्यम से एक संदेश पूरे प्रदेश में और सभी निवासियों के मध्य भेजना उद्देश्य है कि कैसे हमें जल को संचित करना है, कैसे आने वाले समय के लिए जल को बचाना है, जल श्रोतों को हमें सुरक्षित करना है।
इसी उपलक्ष्य में आज इस नगर के आस्था के बिंदु और पर्यटन के केंद्र गौरी सरोवर पर आज कार्यक्रम आयोजित किया गया है। आप सभी ने इसमें सहभागिता की और इसी संदेश के साथ कि हम आने वाले में समय में अपने पानी के स्त्रोतों को सहेजकर रखें, जल का संचयन करें, पानी व्यर्थ ना बहाएं। कलेक्टर ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमारे शहर के बीच में ही जल का अच्छा स्त्रोत है जो निरंतर कई वर्षों से और प्रयासों से और भी बेहतर बनाया गया है। हम सबका दायित्व है कि हम पानी को व्यर्थ ना बहाएं विशेषकर गर्मी के मौसम हम सबका दायित्व बनता है कि आवश्यकता के अनुसार ही जल का उपयोग करें, उससे अधिक मात्रा में जल को व्यर्थ न बहाएं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


