– किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 26 मई। जिले के किसानों की समस्याओं को लेकर आज भारतीय किसान संघ जिला भिण्ड के अध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में किसानों का दल चंबल कमिश्नर से मिला और उनका ध्यान आकर्षित करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मन्दिर, गौचर और तालाबों की जमीनों से अतिक्रमण हटाया जाए, किसानों की फसल को जानवरों द्वारा बहुत नुक्सान किया जाता है, इसलिए चंबल के बीहड़ों में गौ अभ्यारण्य खोला जाए। बंदोबस्त में नक्शे खराब कर एवं नाम गलत कर दिए हैं, गलती राजस्व कर्मी की है, भुगतना किसान को पड़ता है, एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगा-लगाकर किसान परेशान हो जाता है, फिर भी बगैर सुविधा शुल्क दिए काम नहीं होता है, आज भी चार पांच वर्ष पुराने आवेदन पेंडिंग पड़े हुए हैं, सीमांकन, नामांतरण बगैर सुविधा शुल्क के असंभव है। कृषि विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन सही नहीं हो रहा है, क्योंकि कृषि विभाग में उप संचालक एवं अन्य मैदानी कर्मचारियों की बेहद कमी है, कृषि विभाग में नकली बीज पर रोक लगाई जाए, क्योंकि किसानों को पहले भी बहुत नुक्सान हो चुका है।
अटेर तहसील की समस्याओं के प्रति ध्यान आकर्षित करते हुए प्रांताउपाध्क्ष कुलदीप भदौरिया ने बताया कि कनैरा योजना और चंबल पुल शीघ्र चालू किया जाए। अटेर तहसील में कई वर्षों से जमे कर्मचारियों को तत्काल हटाया जाए, ऐतिहासिक महत्व के जो केन्द्रीय पुरातत्व विभाग के अधीन बोरेश्वरर मन्दिर एवं शैरवदे की माता मन्दिर का धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए। प्रतिनिधि मण्डल में प्रांत मंत्री संजीव मिश्रा, कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, लक्ष्मण सिंह नरवरिया, अजमेर सिंह राजावत, जिला मंत्री देवेश पचौरी आदि शामिल थे।


