– मालनपुर हनुमान चौराहे पर आधी सड़क तक फैले हाथ ठेले, राहगीर और वाहन चालक परेशान
भिण्ड, 26 मई। मालनपुर नगर में एक ओर नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए जाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नेशनल हाईवे और मुख्य बाजार क्षेत्रों में खुलेआम अतिक्रमण होने से प्रशासनिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। विशेष रूप से मालनपुर के हनुमान चौराहे के आस-पास हाईवे किनारे लगे हाथ ठेलों द्वारा सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा जमा लिया गया है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का आरोप है कि कई ठेले संचालक आधी से अधिक सड़क पर अपने ठेले खड़े कर देते हैं, जिसके कारण भारी वाहनों, बसों और एम्बुलेंस तक को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब बाजार में भीड़ बढ़ने से नेशनल हाईवे पूरी तरह अव्यवस्थित दिखाई देता है। राहगीरों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा छोटे दुकानदारों और आम लोगों पर तो अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दिखाई जाती है, लेकिन हाईवे किनारे फैल रहे इस अवैध कब्जे पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेले संचालकों से कथित रूप से जबरन वसूली किए जाने की चर्चाएं क्षेत्र में आम हैं, जिसके कारण कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित रह जाती है।
स्थानीय ठेला संचालकों का भी कहना है कि नगर पालिका परिषद द्वारा उनसे नियमित रूप से वसूली तो की जाती है, लेकिन बदले में किसी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। ना तो उनके लिए निर्धारित स्थान बनाए गए हैं, ना पार्किंग व्यवस्था है और ना ही यातायात को व्यवस्थित करने के लिए कोई स्थायी योजना दिखाई देती है। आरोप है कि नगर पालिका केवल राजस्व वसूली तक सीमित होकर रह गई है, जबकि सड़क व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि मालनपुर हनुमान चौराहे पर अक्सर डायल-112 वाहन तैनात रहता है, इसके बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा कोई ठोस प्रयास नजर नहीं आते। नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस और नगर पालिका संयुक्त रूप से नियमित अभियान चलाएं और सड़क पर अवैध कब्जों को हटाएं, तो जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि नेशनल हाईवे पर हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत की जाए तथा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थाई समाधान निकाला जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा नेशनल हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को रोजाना लगने वाले जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
इनका कहना है:
”हॉकर्स जोन की व्यवस्था के लिए आईआईडीसी द्वारा जगह चिन्हित कर ली गई है। स्वीकृति मिलते ही सभी हाथ ठेलों को हॉकर्स जोन में शिफ्ट किया जाएगा।”
रिहान अली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मालनपुर


