– सभी के प्रयासों से ही आगे आने वाले जल संकट को टाला जा सकता है : कामना सिंह
– मेहगांव क्षेत्र के ग्राम सड़ासीपुरा में तालाब गहरीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ
भिण्ड, 25 मई। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में जनपद पंचायत मेहगांव के ग्राम सड़ासीपुरा में नधाऊ तालाब का सामूहिक श्रमदान/ जनसहयोग से तालाब गहरीकरण कार्य का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा, सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, एसडीएम मेहगांव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में ऐसे कार्यक्रम पूरे मध्यप्रदेश भर में हो रहे हैं। जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम लगातार तीन सालों से चल रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ही जलाशयों का संरक्षण, ग्रामीण जल सुरक्षा और स्थानीय पारिस्थितिकी को सशक्त बनाना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरी गंभीरता के साथ लगातार तीन सालों में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ऐसे तमाम काम हाथों में लिए जो पूरे हुए। उन्होंने कहा कि तालाब गहरीकरण का कार्य आंदोलन के रूप में हो, समाज के सहयोग से पूरा हो। हम सबको यह संकल्प लेना होगा कि हम जल का संरक्षण करेंगे, तालाबों का गहरीकरण कर वर्षा जल का संचयन करेंगे, पेड़-पौधे लगाएंगे ताकि हम सब एक उपहार आने वाली पीढ़ी को देकर जाएं। उन्होंने गांव-गांव में ऐसे जल संरक्षण कार्यों को बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि आज जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में इस नधाऊ तालाब का गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए निधि दी गई है। लेकिन हर काम केवल निधि से पूरा नहीं होता उसके लिए जन सहयोग की आवश्यता होती है और यह हमारा गांव है, हमारा तालाब है, हमारा जल है, हम लोग ही इसका उपयोग करेंगे। इसलिए इस तालाब गहरीकरण कार्य को हम अपने घर का काम माने और ज्यादा से ज्यादा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम जल का दुरुपयोग नहीं करें, जितना हो सके जल संरक्षण और जल संचयन के लिए प्रयास करें। क्योंकि सभी के प्रयासों से ही आगे आने वाले बड़े जल संकट को टाला जा सकता है।
कलेक्टर मीणा ने कहा कि जल ही जीवन है ये हम सब जानते हैं। पानी का स्तर सही रहता है तो खेती में लागत कम हो जाती है। तालाब गहरीकरण का कार्य जो आज शुरू किया गया है, इससे निश्चित ही आस-पास के गांवों में पानी का स्तर बढ़ेगा। साथ ही गर्मियों में पशुओं के पीने के लिए पानी भी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के लाभ पानी को बचाने से बढ़ते हैं। आज इस तालाब के गहरीकरण कार्य का शुभारम्भ किया गया है, यह एक बड़ा काम है जो जनसहयोग से हो सकता है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की।


