– आपदा प्रबंधन समूह की बैठक आयोजित
भिण्ड, 25 मई। बाढ़ आपदा प्रबंधन हेतु पूर्व तैयारी से संबंधित आवश्यक कार्रवाई करने एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों के संबंध में बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि बाढ़-आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारी पहले से ही पूर्ण रखी जाएं। साथ ही बाढ़ के समय प्रभावित होने वाले संभावित ग्रामों की सूची तैयार कर ली जाए। सभी निर्माण विभाग प्रगतिरत निर्माण कार्यों को बारिश के पूर्व ही पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे बारिश के समय जल भराव होने से किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हो। कमाण्डेंट होमगार्ड बाढ़ संबंधी संसाधनों की उपलब्धता एवं आवश्यकता का आंकलन कर लें एवं उपलब्ध संसाधनों की सूची उपलब्ध करायें। उपलब्ध समान में अगर किसी भी प्रकार की कोई समस्या है तो उसे तत्काल ठीक करा लें। सभी यंत्र चालू हालत में होने चाहिए।
उन्होंने संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि सभी संभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा कर लें। उन्होंने सभी नगरीय निकाय सीएमओ और सीईओ जनपद को निर्देशित कर कहा कि खुले हुए कुएं और बोरवेल को चिन्हित कर उन्हें ढंक दिया जाए ताकि किसी के गिरने का खतरा नहीं रहे। उन्होंने जिले में समस्त प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक दवाओं का भण्डारण वर्षा पूर्व आवश्यक रूप से करने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड को निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा वर्षा पूर्व में सभी ग्रामों में पशुओं के प्रिवेंटिव वैक्सिनेशन व दवाईयों के संग्रहण आदि की व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर ने समस्त मुख्य नगरपालिका एवं नगर परिषद अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि उनके क्षेत्र में भरे पटे नाले नालियों की सफाई करा ली जाए। सभी नगरीय निकाय सीएमओ और सीईओ जनपद सुनिश्चित करें कि जहां पर भी गंदे पानी की समस्या हो उसकी टेस्टिंग कराएं और साफ और स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देशित कर कहा कि ऐसे पुल-पुलिया जहां जल भराव की समस्या होती है उन सभी स्थानों पर बोर्ड लगाना सुनिश्चित करें।


