– समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
भिण्ड, 25 मई। समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें सीईओ जिला पंचायत भिण्ड वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन में सौ दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निराकरण करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि कृषि कार्य संबंधित हितग्राहियों से मिलकर चेक करें कि उन्हें वास्तविकता में योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं और अगर मिल रहा है तो उन्हें क्या सफलता हुई है। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा कर संबंधित विभाग अधिकारियों को टारगेट पूरा करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की रैंक बिगड़ने पर संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे।
कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल की समीक्षा कर निर्देशित किया कि यदि किसी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की समस्या है तो तत्काल सूचित करें और समस्या का समाधान करें। उन्होंने सभी नगरीय निकाय सीएमओ को निर्देशित कर कहा कि बारिश से पहले नाले-नालियों की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें। जिससे बारिश के दौरान कहीं भी जल भराव की स्थिति नहीं बने। सभी निर्माण विभाग बारिश के पूर्व सभी प्रगतिरत निर्माण कार्यों को पूरा करें। कोई भी ऐसा काम अधूरा न रहे जिसमें बारिश की वजह से नुकसान हो। साथ ही जो भी जर्जर भवन चिन्हांकित कर लिए गए हैं उन्हें नोटिस देकर तुड़वाएं। उन्होंने सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, टीएल पत्र निराकरण की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


