– संत सुरक्षा नीति बनाने की रखी मांग
भिण्ड, 25 मई। रीवा में विहाररत आर्यिका माताजी के साथ हुई दुर्घटना को लेकर मालनपुर के जैन समाज में गहरा आक्रोश है। रविवार को जैन समाज ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
वार्ड क्र.14 की पार्षद बीना राजेन्द्र प्रसाद जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे दिगंबर जैन महावीर जिनालय पर एकत्रित हुए। सभी ने हाथों में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्वक रोष व्यक्त किया और जुलूस के रूप में मालनपुर थाने पहुंचे। थाना प्रभारी को दिए गए ज्ञापन में जैन समाज ने कहा कि आर्यिका माताजी के साथ हुई घटना केवल एक सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत नहीं होती। उपलब्ध तथ्यों और वीडियो क्लिपों से समाज में गहरी आशंका है।
ज्ञापन में मांग रखी कि मामले में एसआईटी या न्यायिक जांच हो। घटना के सभी फुटेज, वीडियो व डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर उच्च स्तरीय जांच हो। इसके साथ संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने, विहार मार्गों पर पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण, हाईवे पर विशेष सुरक्षा की मांग भी रखी गई। इस दौरान वार्ड-14 के पार्षद पुत्र एवं मालनपुर मण्डल उपाध्यक्ष, समाजसेवी रॉकी जैन ने बताया कि बीते दिनों रीवा में विहाररत आर्यिका माताजी के साथ जो दुर्घटना हुई वह साधारण नहीं थी। इसकी जांच बड़ी गहराई से की जाए। जैन साधु-संत पूर्णत: निहत्थे और अहिंसक होते हैं। उनके साथ बढ़ती दुर्घटनाएं चिंताजनक हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में विनोद जैन, मनोज जैन, सोनू जैन, पदमचंद जैन, प्रदीप जैन, ऊषा जैन, सुनीता जैन, अंकित जैन, प्रशांत जैन, प्रांशुल जैन, विवेक जैन आदि जैन समाज की महिलाएं, पुरुष बच्चे मौजूद रहे।


