– मेहंदा से रूर तक पदयात्रा कर गुरुवर के सान्निध्य में की धर्म-प्रभावना
भिण्ड, 24 मई। दिगंबर जैन समाज के सर्वोच्च संत पट्टाचार्य 108 विशुद्ध सागर महाराज का अपनी जन्म स्थली भिण्ड की पावन धरा पर 7 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद ऐतिहासिक आगमन हुआ है। इस अत्यंत पुण्यमयी और मंगलकारी अवसर पर भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने उनके दर्शन कर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरु दर्शन के इस सौभाग्य को पाकर विधायक कुशवाह भाव-विभोर नजर आए। उन्होंने आचार्यश्री के चरणों में श्रीफल भेंट कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
पैदल चलकर अर्जित की आध्यात्मिक ऊर्जा
गुरुभक्ति के इस पावन सफर में विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह केवल दर्शनों तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने आचार्य संघ के साथ कदम से कदम मिलाकर पदयात्रा भी की। उन्होंने मेहंदा से लेकर रूर तक गुरुवर के मंगल सान्निध्य में पैदल विहार (पदयात्रा) किया। इस दौरान पूरा मार्ग गुरुवर की जय-जयकार के नारों से गुंजायमान रहा।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
आचार्यश्री के भिण्ड आगमन और विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह की इस पदयात्रा को लेकर स्थानीय जनता और जैन समाज में भारी उत्साह देखा गया। मेहंदा से रूर के बीच जगह-जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर आचार्य संघ की अगवानी की। विधायक को गुरुवर के साथ पदयात्रा करते देख लोग उनकी सादगी और अटूट गुरुभक्ति की सराहना करते नजर आए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाज के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और प्रसासनिक लोग उपस्थित रहे।


