– पांच माह से कबाड़ बनी 6 गाड़ियों में से 2 ही हो पाई दुरुस्त
– फायर गाड़ियां, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
भिण्ड, 24 मई। औद्योगिक नगरी मालनपुर में आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं से निपटने के लिए बनाया गया फायर स्टेशन इन दिनों खुद बदहाली का शिकार बना हुआ है। नगरीय प्रशासन के हैंडओवर में आने के बाद से फायर स्टेशन की गाड़ियों की हालत लगातार खराब होती चली गई। स्थिति यह रही कि पांच फायर वाहनों में से लंबे समय तक अधिकांश वाहन खराब होकर परिसर में खड़े-खड़े धूल खा रहे है।
जानकारी के अनुसार करीब पांच माह से फायर स्टेशन की पांच गाड़ियों 5 माह से डग्गामार की हालत में हैं, जिनमें से हाल ही में दो वाहनों को किसी तरह सुधार कर चालू किया गया है, लेकिन अब भी व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां, गोदाम और रिहायशी क्षेत्र होने के बावजूद आपातकालीन सुरक्षा इंतजाम भगवान भरोसे नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में भगवान ना करें यदि किसी बड़े औद्योगिक हादसे या भीषण आगजनी की घटना हो जाए तो वर्तमान संसाधनों के भरोसे स्थिति संभालना मुश्किल हो सकता है। लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर रख-रखाव और मरम्मत नहीं होने से करोड़ों रुपए की फायर गाड़ियां कबाड़ में तब्दील होती जा रही हैं। फायर स्टेशन परिसर में खड़े खराब वाहन प्रशासनिक लापरवाही की कहानी बयां कर रहे हैं। कई गाड़ियों में तकनीकी खराबियां होने के कारण वे मौके पर पहुंचने लायक स्थिति में नहीं थीं। वहीं कुछ वाहनों के लंबे समय से बंद पड़े रहने के कारण उनके उपकरण भी जाम होने लगे थे।
औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण मालनपुर में हर समय आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में फायर स्टेशन की कमजोर व्यवस्था उद्योगों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। नागरिकों ने मांग की है कि सभी फायर वाहनों को तत्काल दुरुस्त कर पर्याप्त स्टाफ और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी आपदा के समय त्वरित राहत कार्य किया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों को केवल कागजी व्यवस्थाओं तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर भी सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने चाहिए, क्योंकि आपातकालीन स्थिति पहले सूचना देकर नहीं आती।
इनका कहना है:
”तीन चार माह पूर्व से चार गाड़ियां खराब पड़ी हुई थीं, जिसमें दो तो डैमेज हो चुकी हैं, कंडम हो चुकी हैं, एक गाड़ी सक्सेस है, नगरी प्रशासन इंदौर से मांग करने पर दो गाड़ियों की मरम्मत का काम चल रहा है।”
सतीश चतुर्वेदी, फायर स्टेशन प्रभारी मालनपुर


