– ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति नुन्हाड़ द्वारा जल मन्दिर प्याऊ का शुभारंभ
भिण्ड, 24 मई। भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों एवं ग्रामीणजनों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल सेवा के माध्यम से समाज में मानवता एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति नुन्हाड़ द्वारा ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत मुख्य मार्ग पर जल मन्दिर प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने विधिवत शीतल पेयजल पात्रों का पूजन कर जल सेवा की शुरुआत की, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे व्यक्ति को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है। भारतीय संस्कृति में जल सेवा को परोपकार एवं मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम माना गया है। इसी भावना के साथ ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा यह पहल की गई है। जल गंगा संवर्धन अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा समाज में जल सेवा की भावना विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गांव के प्रमुख मार्ग सार्वजनिक स्थल पर जल मंदिर प्याऊ प्रारंभ किया गया है, वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी एवं जल संकट को देखते हुए जल संरक्षण और जल सेवा दोनों ही अत्यंत आवश्यक हैं। एक ओर जहां जल के संरक्षण की आवश्यकता है, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद लोगों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना भी सामाजिक जिम्मेदारी है। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा प्रारंभ किया गया यह जल मन्दिर प्याऊ समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष बृजेश सिंह, युवराज सिंह, गौरव सिंह, संतोष सिंह, मनोज, चरण जीत, राहुल, महेश सहित समिति सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।


