– पूरे प्रदेश में मालनपुर को नंबर वन बनाना हमारा लक्ष्य : गौड़
भिण्ड, 21 मई। नगर परिषद मालनपुर द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को नई पहचान देने के उद्देश्य से समाजसेवी विष्णु गौड़ को नगर का स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नगर परिषद द्वारा नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद नगर के युवाओं एवं सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। नगर परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विष्णु गौड़ का स्वागत करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति उनकी सक्रियता, सामाजिक जागरूकता और नगर हित में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर विष्णु गौड़ ने कहा कि मालनपुर नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में नंबर वन बनाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नगरवासियों के सहयोग से घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा लोगों को साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें युवाओं, सामाजिक संस्थाओं एवं स्कूली बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नियमित साफ-सफाई, प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि विष्णु गौड़ के नेतृत्व में मालनपुर नगर स्वच्छता अभियान में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।


