– विधायक कुशवाह बोले- अब पक्का होगा भिण्ड मेला
भिण्ड, 20 मई। सुप्रसिद्ध भिण्ड मेले का बीती रात भव्य और गरिमामय माहौल में समापन हो गया। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला अध्यक्ष बलवीर खटीक ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा सहित सभी वार्डों के पार्षद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ की। उन्होंने भिण्ड की सुख-समृद्धि और विकास की कामना करते हुए मेले के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए विधायक कुशवाह ने एक बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भिण्ड मेला यहां की ऐतिहासिक धरोहर और संस्कृति का प्रतीक है। इसे और अधिक भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए भिण्ड मेले को पक्का (स्थायी स्वरूप) कराया जाएगा, ताकि भविष्य में व्यापारियों और आम जनता को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सम्मान समारोह: नगर पालिका और विधायक ने जताया आभार
मेले को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों और सहयोगियों का मंच से सम्मान किया गया। नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा ने मुख्य अतिथि विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह का शॉल, स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया। इसके बाद विधायक ने मेले के सफल संचालन के लिए नगर पालिका के कर्मचारियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुकानदारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस प्रशासन के जवानों को सम्मानित किया।
मेला अध्यक्ष ने की विधायक की सराहना
समापन के अवसर पर मेला अध्यक्ष बलवीर खटीक ने अपने संबोधन में भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधायक के सतत मार्गदर्शन और सहयोग के कारण ही इस वर्ष का मेला ऐतिहासिक और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सका है।
सीएमओ ने जताया सभी का आभार
अंत में नगर पालिका सीएमओ जसवंत वर्मा ने मेले को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी पार्षदों, दिन-रात मुस्तैद रहने वाले नगर पालिका के कर्मचारियों, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल और सबसे बढ़कर भिण्ड की जागरूक जनता का सहृदय धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। समापन समारोह के दौरान भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और मेलार्थी मौजूद रहे।


