– पांच माह बाद भी नहीं हुआ शुभारंभ, राहगीरों और व्यापारियों में नाराजगी
भिण्ड, 18 मई। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर के मुख्य चौराहे पर हाईवे किनारे लगभग 20 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक सुलभ शौचालय पांच माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। लाखों रुपए खर्च कर तैयार कराया गया यह सार्वजनिक सुविधा केन्द्र उद्घाटन और संचालन के इंतजार में शोपीस बनकर खड़ा है, जबकि प्रतिदिन हजारों राहगीर, मजदूर, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक इस मार्ग से गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की मांग की जा रही थी। इसके बाद प्रशासन द्वारा मेन चौराहे के समीप हाईवे किनारे आधुनिक सुविधाओं से युक्त सामुदायिक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण पूरा होने के बावजूद संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक इसका शुभारंभ नहीं किया। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती आवाजाही के बीच शौचालय बंद पड़े रहने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है। कई लोगों को मजबूरी में खुले स्थानों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे स्वच्छता अभियान की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपए खर्च होने के बाद भी सुविधा जनता को नहीं मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर संचालन शुरू नहीं किया गया तो भवन और अंदर लगी सामग्री भी खराब होने लगेगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द शौचालय का विधिवत शुभारंभ कर आम जनता के लिए चालू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और शासन की जनहितकारी योजना का लाभ धरातल पर दिखाई।


