– दूसरी मंजिल से तीसरी मंजिल तक पहुंची आग, दो घण्टे में छह दमकलों ने बुझाई
भिण्ड, 15 मई। शहर के इटावा रोड स्थित 17वीं बटालियन के सामने शुक्रवार सुबह एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग दूसरी मंजिल पर बने सरसों के तेल के गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। घटना में करीब 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक इमारत के भूतल पर कलर-पेंट का गोदाम संचालित होता है, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर सरसों के तेल का भंडारण किया गया था। शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे दूसरी मंजिल से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने दूसरी और तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
उधर सूचना मिलने पर भिण्ड शहर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बाद में फूप कस्बे से भी दमकल वाहन बुलाए गए। करीब पांच से छह फायर ब्रिगेड वाहनों ने लगातार पानी डालकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी बीच भूतल पर संचालित कलर पेंट का गोदाम खाली करा लिया गया और वहां तक आग नहीं पहुंच पाई, जिससे काफी नुकसान होने से बच गया। इस बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।


