– बस पलटने से घायल हुए लोगों का ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जाना हाल
भिण्ड, 15 मई। एनएच-719 ग्वालियर-भिण्ड-इटावा नेशनल हाईवे पर गुरुवार को पिड़ोरा के पास बस पलटने की घटना घटित हुई, जिसमें कई लोग गंभीर घायल हो गए। ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना और इस सम्बंध में अस्पताल प्रशासन से भी चर्चा की।
बघेल ने कहा कि यह अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक घटना है। इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भिण्ड-इटावा-ग्वालियर हाईवे निर्माण में लगातार हो रही देरी के कारण आए दिन निर्दोष लोगों की जान जा रही है। समय-समय पर विपक्ष, स्थानीय नागरिकों एवं संत समाज द्वारा इस सकरी रोड मौत का हाईवे को सिक्स लाइन बनवाई जाने को लेकर लगातार आवाज उठाई जाती रही है, आंदोलन किए गए, ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
बघेल ने कहा कि संत समाज के आंदोलन के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा 30 अप्रैल तक वर्क ऑर्डर, टेंडर प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। भारी ट्रैफिक के बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। अनेक परिवार उजड़ चुके हैं, कई घरों के चिराग बुझ गए, बच्चों ने अपने माता-पिता खो दिए और माता-पिता ने अपने जवान बेटों को खो दिया, लेकिन भाजपा सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।
उन्होंने शासन एवं संबंधित विभाग से मांग करते हुए कहा कि हाईवे निर्माण कार्य में हो रही देरी की उच्च स्तरीय जांच कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सा संबंधित उपकरणों को बढ़ाया जाए। इस संबंध में जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर बात की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश सह-सचिव मनोज दैपुरिया, जिला संगठन महासचिव महेश जाटव, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, अरविन्द यादव हैबतपुरा, राहुल सिंह कुशवाह, राजेन्द्र सिंह यादव, ओमवीर रजक, संदीप बघेल आदि उपस्थित रहे है।


