– वेयर हाउस से थाली तक की यात्रा समझी
भिण्ड, 15 मई। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित माय भारत केन्द्र भिण्ड के तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय ‘अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम’ के चौथे दिन युवा स्वयं सेवकों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जमीनी हकीकत जानी।
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग भिण्ड के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में स्वयं सेवकों ने वार्ड क्र.36 स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का भ्रमण किया। इस दौरान पीडीएस प्रबंधक राजेश दोहरे ने बताया कि कैसे सरकारी अनाज गोदामों से निकलकर एक गरीब परिवार की थाली तक पहुंचता है।
खेत से राशन कार्ड तक
स्वयं सेवकों को राशन दुकान के संचालन की बारीकियों से अवगत कराया गया, जिसमें निम्नलिखित प्रक्रियाएं शामिल रहीं। युवाओं को बताया गया कि शासकीय भण्डार के गोदामों से अनाज कैसे आवंटित होता है। अनाज उठान से पहले रिलीज ऑर्डर जारी करने की तकनीकी प्रक्रिया और इसके महत्व को समझाया गया। सरकारी खरीद और स्टॉक रजिस्टर के रख-रखाव की जानकारी दी गई। बायोमेट्रिक सत्यापन और पीओएस मशीन के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। वर्तमान आवंटन नियमों के तहत एक किलो चावल और 4 किलो गेहूं प्रति यूनिट वितरण की प्रक्रिया को स्वयं सेवकों ने लाइव देखा।
पारदर्शिता ही लक्ष्य
पीडीएस प्रबंधक ने युवाओं को बताया कि पूरी प्रणाली को अब डिजिटल कर दिया गया है ताकि सही व्यक्ति को अनाज प्राप्त हो। स्वयं सेवकों ने इस दौरान उपभोक्ताओं से भी बात की और राशन वितरण में आने वाली चुनौतियों को समझा। प्रशिक्षण में जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू के साथ पीटीएस धर्मवीर सिंह, युवा स्वयं सेवक पुनीत, राय सिंह, भूपेन्द्र उपाध्याय, रिंकी एवं शालिनी प्रजापति उपस्थित रहे।


