– किसान ऐप से लेकर वेयर हाउसिंग की प्रक्रिया को विस्तार से जाना
भिण्ड, 14 मई। माय भारत केन्द्र भिण्ड द्वारा जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के सहयोग से आयोजित 5 दिवसीय एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम के तीसरे दिन प्रतिभागियों को सरकारी उपार्जन की डिजिटल कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण कृषि उपज मण्डी नई गल्ला मण्डी भिण्ड में दिया गया। इस दौरान युवाओं को mpeuparjan.nic.in पोर्टल के माध्यम से खेत से लेकर वेयर हाउस तक होने वाली पूरी प्रक्रिया को चरण-दर-चरण समझाया गया।
ई-उपार्जन: पारदर्शी खरीदी का डिजिटल रोडमैप
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मण्डी समिति सचिव रामसिया चौरसिया, नोडल अधिकारी (कृषि) आशीष मौर्य एवं कंप्यूटर ऑपरेटर श्याम शर्मा ने बताया कि कैसे ऑनलाइन सिस्टम ने बिचौलियों को समाप्त कर व्यवस्था को सुदृढ़ किया है।
पोर्टल की कार्यप्रणाली को विभिन्न चरणों में किया स्पष्ट
किसान पंजीयन व सत्यापन: सर्वप्रथम किसान ‘एमपी किसान ऐप’ या केन्द्र पर जाकर अपना पंजीयन कराते हैं, जिसका राजस्व रिकार्ड से मिलान किया जाता है।
7 दिवसीय स्लॉट बुकिंग: पंजीकरण के बाद किसान अपनी सुविधा अनुसार तिथि का चयन करता है। खास बात यह है कि एक बार स्लॉट बुक होने पर वह 7 दिनों तक वैध रहता है।
मण्डी आगमन व टोकन: किसान के उपज लेकर पहुंचते ही पोर्टल के माध्यम से यूनिक टोकन जनरेट होता है और बोरी नंबर अलॉट किए जाते हैं।
सटीक तौल एवं एमएसपी: इलेक्ट्रॉनिक कांटों पर पारदर्शी तौल के बाद गेहूं एमएसपी के मान से भुगतान की गणना ऑनलाइन की जाती है।
लॉजिस्टिक्स व चालान: खरीदी के पश्चात ऑनलाइन चालान जनरेट कर अनाज को वेयर हाउस भेजा जाता है।
भण्डारण तकनीक और पीडीएस
युवाओं ने मण्डी स्थित 20 हजार मैट्रिक टन क्षमता वाले वेयर हाउस का भ्रमण किया, जहां उन्हें भण्डारण के तकनीकी मानकों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यहां से अनाज का वितरण सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब तबके तक किया जाता है।
सीधा लाभ अंतरण
प्रतिभागियों ने सीखा कि कैसे खरीदी की पुष्टि होते ही भुगतान सीधे किसान के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में पहुंच जाता है। वर्तमान रबी सीजन में डिजिटल तकनीक के उपयोग से न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य भी मिल रहा है। इस प्रशिक्षण में माय भारत में पंजीकृत स्वयं सेवक पुनीत, राय सिंह, भूपेन्द्र उपाध्याय, रिंकी एवं शालिनी के साथ साथ जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू और पीटीएस धर्मवीर सिंह मौजूद रहे।


