– आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोग वर्षों से परेशान, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि नहीं दे रहे ध्यान
भिण्ड, 13 मई। दतिया जिले के सेवढ़ा बिजली वितरण केन्द्र से आलमपुर बिजली वितरण केन्द्र तक आई 33 केव्ही बिजली लाइन जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। इस 33 केव्ही बिजली लाइन की हालत इतनी खराब हो गई है कि जरा सी हवा चलने और थोड़ी सी बूंदाबांदी होने पर बिजली लाइन फॉल्ट हो जाती है। जिससे आलमपुर सहित आस-पास के अनेक गांवों की बिजली आपूर्ति कई घण्टों के लिए ठप हो जाती है। आलमपुर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए यह सबसे बड़ी समस्या वर्षों से बनी हुई है। लेकिन विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा हैं। मजबूरन आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र की जनता को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि सेवढ़ा से आलमपुर आई 33 केव्ही बिजली लाइन वर्षों पुरानी हो चुकी है और पहले की अपेक्षा बिजली की लाइन पर कई गुना लोड बढ़ गया है। इसलिए बिजली की लाइन में भार (लोड) सहन करने की बिल्कुल भी क्षमता नहीं रही। बिजली का भार पड़ने के कारण कभी इंसुलेटर बस्ट हो जाते हैं, तो कभी बिजली की लाइन और खंबे टूटकर जमीन पर गिर जाते है। हालत यह है कि सेवढ़ा से आलमपुर आई बिजली की लाइन महीने में कई बार खराब होती है। बार-बार बिजली लाइन फाल्ट और खराब होने के कारण जहां नागरिक बुरी तरह से हैरान है। तो वहीं विद्युत कर्मचारी भी फाल्ट खोजते-खोजते परेशान हो जाते हैं। बिजली कर्मचारियों को रात के अंधेरे में पानी से भरे खेतों में घुसकर बिजली के खम्बों पर चढ़कर टॉर्च के सहारे फाल्ट खोजना पड़ते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सेवढ़ा से आलमपुर तक नवीन बिजली की लाइन खिंचवाने का प्रयास करना चाहिए। तभी आलमपुर की बिजली समस्या का स्थाई समाधान हो पायेगा।
बिजली आने-जाने का दिनभर चलता सिलसिला
इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। कस्बे में मच्छरों की भी भरमार है। ऐसे समय में भी आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ठीक तरह से बिजली नहीं मिल रही है। आलमपुर में दिनभर बिजली के आने जाने का सिलसिला लगा रहता है। तो वही रात में कई घंटे बिजली गायब रहती है। लोगों को इस उमस भरी भीषण गर्मी में मच्छरों से संघर्ष कर छतों पर टहलकर रात काटना पड़ रही है। आलमपुर की अस्त व्यस्त बिजली व्यवस्था के कारण बाजार में बिजली से चलने बाले काम धंधे भी सुचारू रूप से नहीं चल पा रहे है। बिजली मिलने वाले समय में बोलटेज बहुत कम मिल रहे हैं। जिससे लोगों के घरों में कूलर, पंखे नहीं चल पा रहे हैं। बिजली की समस्या को लेकर आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


