– भ्रष्टाचार व बजट कटोती का परिणाम है भिण्ड की घटना
भिण्ड, 13 मई। जिस स्वास्थ्य विभाग पर प्रदेश की जनता के जीवन की रक्षा करने की जिम्मेदारी है, भाजपा डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण स्वास्थ्य बजट में लगातार कटोती, आवंटित बजट उपयोग में भ्रष्टाचार के कारण भिण्ड जिला अस्पताल की घटना, छिंदवाड़ा सीरिप दुर्घटना ने स्पष्ट कर दिया कि स्वास्थ्य विभाग ही जनता की जान का दुश्मन बन गया है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने गोहद में बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को बताया कि इंदौर में अशुद्ध पेयजल के कारण नागरिकों की मृत्यु हो या छिंदवाड़ा में जहरीले खांसी के सिरप के कारण 28 मासूमों की मौतों के बाद भी कमीशन के लालच में इस जहरीले सिरप को प्रदेश के लाखों मासूमों को पिलाया जाता रहा है। इतना ही नहीं, हाल में जबलपुर की लैब से आई जांच रिपोर्ट में इस सिरप सहित दस दवाओं को अमानिक पाया गया है। जबकि यह दवाएं पिछले एक साल से प्रदेश के मरीजों को वितरित हो रही हैं। इन दवाओं में दर्द निवारक, पैरासिटामोल, इंजेक्शन, खून साफ करने वाली दवाएं, खांसी का सिरप आदि की दवाएं शामिल हैं। वर्तमान में इन दवाओं पर रोक लगा दी गई है, लेकिन उनका दुष्प्रभाव प्रदेश की जनता पर पड़ा है।
उन्होंने कहा भिण्ड जिला मुख्यालय के जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत फाइलों में मजबूती से होती रही, भ्रष्टाचार के कारण बिल्डिंग अंदर से कमजोर होती गई, जिसका परिणाम सीलिंग गिरने से मातृत्व दिवस के दिन ही दो जच्चा घायल हो गईं। उन्होंने भाजपा डवल इंजन सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की 20 वर्ष से सरकार है, लेकिन जिला चिकित्सालय में रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों के 50 प्रतिशत से अधिक पद खाली हैं, रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण प्रदेश की जनता का असुरक्षित इलाज हो रहा है, प्रदेश के नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ भाजपा सरकार खिलवाड़ करना बंद करे, भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाने के लिए उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई। पार्टी अतिशीघ्र आंदोलन करेगी।
मांग करने वालों में जिला सचिव ओमप्रकाश बाथम, प्रेमनारायण माहौर, राजेश शर्मा, बीरेन्द्र सिंह कुशवाहा, शोभा माहौर, सीटू जिला अध्यक्ष विनोद सुमन, जिला महासचिव अनिल दौनेरिया आदि प्रमुख हैं। य जानकारी प्रेस को जारी विज्ञप्ति में सीटू जिला महासचिव अनिल दौनेरिया ने दी।


