– बाइक सवार महिला एवं पुरुष भी घायल
भिण्ड, 11 मई। मालनपुर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे 719 पर सोमवार की सुबह 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोहद से ग्वालियर की ओर आ रही तेज रफ्तार कार अचानक सामने हरिराम कुइयां पास से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार कार में सवार लज्जाराम शर्मा 65 वर्ष की मौत हो गई। जबकि देवेन्द्र सिंह तोमर, बंटी शर्मा, लज्जाराम शर्मा, विमल राठौर, सोमवती बाई एवं एक बच्ची परी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार सुरेन्द्र उपाध्याय एवं खुशबू उपाध्याय 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दोनों अपनी मोटर साइकिल क्र. जी.जे.01 यू.एक्स.6704 से ग्वालियर से अपने गांव की ओर जा रहे थे। कार चालक ने बाइक सवार को बचाने के लिए कार मोड़ी, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण नियंत्रण से बाहर हो गई और कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे खंती में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


