– राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर साप्ताहिक गतिविधियों का आयोजन
भिण्ड, 11 मई। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस भिण्ड में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी की दिवस के अवसर पर साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आरए शर्मा के निर्देशन और स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. मोहित कुमार दुबे के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी विषय पर पोस्टर प्रेजेंटेशन के अंतर्गत विभिन्न पहलुओं पर पोस्टर बनाए।
इस अवसर पर प्रो. मोहित कुमार दुबे ने बताया इस दिन का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को सम्मान देना तथा युवाओं में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है। वर्ष 1998 में राजस्थान के पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण के बाद भारत ने तकनीकी और वैज्ञानिक क्षमता का विश्व के सामने परिचय दिया। इसी उपलब्धि की स्मृति में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाने की शुरुआत की गई। प्रौद्योगिकी आज मानव जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार, कृषि, उद्योग और परिवहन जैसे सभी क्षेत्रों में तकनीक ने कार्यों को सरल और तेज बनाया है। डिजिटल इंडिया, ऑनलाइन शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरिक्ष अनुसंधान जैसी उपलब्धियां भारत की प्रगति को दर्शाती हैं। यह दिवस हमें वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और शोधकर्ताओं के योगदान को याद करने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही यह युवाओं को नवाचार और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


