– डाक विभाग की विशेष पहल: नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसी त्रुटियों का होगा तत्काल निराकरण
भिण्ड, 07 मई। आम नागरिकों को आधार कार्ड बनवाने और उनमें सुधार कराने में आ रही समस्याओं को देखते हुए डाक विभाग द्वारा जिले में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 8 और 9 मई को भिण्ड जिले के प्रमुख डाकघरों में संचालित आधार केन्द्रों पर विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कतारों को कम करना और सुगम तरीके से आधार सेवाएं जनता तक पहुंचाना है।
सुबह 8 बजे से शुरू होंगी सेवाएं
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार नागरिकों की भारी भीड़ को देखते हुए समय में विस्तार किया गया है। भिण्ड प्रधान डाकघर में शिविर का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा। जिले के अन्य केन्द्रों जैसे गोहद उप डाकघर, मेहगांव उप डाकघर, लहार उप डाकघर, भदाकुर शाखा डाकघर एवं परा गांव शाखा डाकघर में शिविर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
शिविर के दौरान नागरिक नया आधार कार्ड बनवा सकेंगे। आधार में नाम, पता और जन्मतिथि में सुधार, मोबाइल नंबर अपडेट करवाना, बायोमेट्रिक अपडेट (फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस) करा सकेंगे।
व्यवस्था के लिए लागू होगा टोकन सिस्टम
डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि केन्द्रों पर अव्यवस्था न हो और नागरिकों को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए विशेष तौर पर टोकन सिस्टम लागू किया गया है। नागरिकों को पहुंचने पर टोकन प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी बारी आने पर सुगमता से कार्य पूर्ण करा सकेंगे।
डाक विभाग ने की अपील
डाक विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आधार से संबंधित लंबित समस्याओं का निराकरण कराएं।


