– एक सैकड़ा से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान
भिण्ड, 06 मई। हम फाउण्डेशन जिला भिण्ड द्वारा एक सैकड़ा से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान शहर के बीटीआई रोड स्थित सरमन सिंह उमावि में किया गया। इस अवसर पर महिला पुलिस थाना प्रभारी क्रांति सिंह राजपूत, हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, समाजसेवी डॉ. शैलेन्द्र परिहार, हम फाउण्डेशन के प्रदेश वित्त मंत्री प्रो. रामानंद शर्मा, पुलिस विभाग से रामकुमार पाण्डे, हम फाउण्डेशन की वरिष्ठ सदस्या ललिता दीक्षित आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर महिला पुलिस थाना प्रभारी क्रांति राजपूत ने कहा कि मेरिट सूची जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि सिर्फ पड़ाव है, असली सफर तो अब शुरू होता है जो नवाचार, सृजनात्मक और आत्मविश्वास के सहारे तय करता होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आव्हान किया कि वह भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय अलग चलने की हिम्मत दिखाएं। उन्होंने कहा कि एआई और तकनीकी क्रांति के इस युग ने भविष्य के लिए अनगिनत नए रास्ते खोल दिए हैं जिनका लाभ विद्यार्थियों को उठाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को यह समझने की सलाह दी कि केवल अकादमिक सफलता अब पर्याप्त नहीं है बल्कि बदलते समय के साथ कौशल, रचनात्मक सोच और तकनीकी दक्षता जरूरी हो गई है।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी डॉ. शैलेन्द्र परिहार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों का हौसला बढ़ता है। छात्र-छात्राओं को एक मंच पर लाकर उन्हें सम्मानित करना हम फाउंण्डेशन का प्रशंसनीय कार्य है। इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। प्रदेश वित्त मंत्री प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि सच्चाई समाज को आगे बढ़ने का कार्य करती है, जिस पर एक मजबूत और विकसित समाज का निर्माण होता है।
प्रो. इकबाल अली ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कई बार कठिन परिस्थितियां आती हैं, लेकिन सच्चाई का मार्ग अपनाने वाला व्यक्ति कभी असफल नहीं होता है। पुलिस विभाग से रामकुमार पाण्डे ने कहा कि अभी आप लोगों ने पहला पड़ाव पूरा कर लिया है, लेकिन असली परीक्षा अब शुरू होने वाली है जो भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस, आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों पर ले जाने का कार्य करेगी। उन्होंने हम फाउण्डेशन संगठन की प्रशंसा की।
मुरैना से आई हम फाउण्डेशन की वरिष्ठ सदस्या ललिता दीक्षित ने कहा कि आप सभी लोगों की यह मेहनत है, जिसमें आप लोगों ने अच्छे अंक लाकर अपने माता-पिता और संस्थान का नाम रोशन किया है, ऐसे ही आगे बढ़कर और ऊंचाईयां छूने का कार्य करें। चित्तौड़गढ़ मेवाड़ यूनिवर्सिटी के प्रबंधक अमित श्रीवास्तव ने कहा कि यह सफलता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि आगे की राह का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और संस्कार बेहद जरूरी है। अंत में मेवाड़ यूनिवर्सिटी के सभी पदाधिकारियों ने वहां उपस्थित अतिथियों को शॉल, श्रीफल और शील्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. इकबाल अली एवं आभार प्रदर्शन शैलेश सक्सेना ने किया।
एक सैकड़ा से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड देकर किया सम्मानित
माध्यमिक शिक्षा मण्डल बोर्ड की कक्षा दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा मप्र और जिले की मेरिट सूची में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का हम फाउण्डेशन सामाजिक संगठन द्वारा सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में एक सैकड़ा से अधिक विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित हुए।
जानकारी देते हुए हम फाउण्डेशन के जिला अध्यक्ष एवं शिक्षक अरविंद सिंह भदौरिया ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भगत सिंह, केशवानंद शाखा के अध्यक्ष संतोष सिंह नरवरिया, विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष श्रीवास्तव, योगेश शर्मा, दिनेश लोधी, बीएस तोमर, श्याम कुमार, निलेश भदौरिया आदि उपस्थित थे।


