– घर-घर जाकर दिया जा रहा है आमंत्रण
भिण्ड, 03 मई। ब्राह्मण महासभा भिण्ड द्वारा आगामी 10 मई को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य चल समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं की टोलि बनाई गई हैं, जो टिकरी, जारी, लहारपुर, बीसलपुरा, चौकी गांवों जाकर समाज के प्रबुद्धजनों और आम जनता को आमंत्रित कर रही हैं। जनसंपर्क के दौरान लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
ब्राह्मण महासभा के संरक्षक बाबा भगवानदास सेंथिया का कहना है कि इस वर्ष का समारोह न केवल धार्मिक आस्था का केन्द्र होगा, बल्कि यह सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक भी बनेगा। ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष सतीश जोशी ने बताया कि 10 मई को निकलने वाले मुख्य चल समारोह में इस बार भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित विशेष नाटिका और भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और पार्किंग की सुचारू व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। परशुराम केवल एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के रक्षक और न्याय के प्रतीक हैं। हम सभी नगरवासियों से अपील करते हैं कि सपरिवार इस भव्य समारोह का हिस्सा बनें और धर्म लाभ उठाएं।
जनसंपर्क के दौरान भगवान दास सेंथिया बाबा, सतीश जोशी, सुनील चौधरी, एडवोकेट नरेन्द्र चौधरी, विष्णु पावई, नमो जोशी, प्रतीक पांडेय, अंकुश सेठिया, योगेश सेठिया, राजा जोशी, सूर्यांश दुबे आदि ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।


