-भिण्ड-भांडेर रोड पर कार्रवाई, कोंच रोड से कब हटेगा अतिक्रमण
भिण्ड, 03 मई। दबोह की सड़कों को अपनी जागीर समझने वाले अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई हैं। नगर की दम घोंटती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नवागत थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने मैदान संभाल लिया है।
टीआई अपने दलबल के साथ सड़कों पर उतरे और भिण्ड-भांडेर रोड पर दुकानदारों को अपनी दुकानों को हद में रखने की समझाइश दी और सड़क पर अतिक्रमण करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान उनके साथ उप निरीक्षक रविन्द्र माझी, आरक्षक रंजीत, महेन्द्र प्रजापति और राकेश मौर्य सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा।
कोंच रोड कब होगी अतिक्रमण मुक्त
भिण्ड-भांडेर रोड पर हुई कार्रवाई से जनता में उम्मीद जागी है। लेकिन कोंच रोड पर लगाने वाले जाम से निजात कब दिलाई जाएगी। कोंच रोड चौड़ी होने के बावजूद हर घंटे जाम लगता है। डिवाइडर के दोनों तरफ खड़े टमटम, लोडिंग वाहन और सुबह से रात तक कब्जा जमाए रहते हैं। थोक सब्जी व्यापारियों ने इस रोड को बंधक बना रखा है। कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग उठी, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा। अब उम्मीद नवागत टीआई से लगाई जा रही है।


