– स्वयंप्रभा विद्यालय में मेधावी विद्याथियों का सम्मान समारोह आयोजित
– थाना प्रभारी उपाध्याय ने विद्यार्थियों को सिखाए यातायात सुरक्षा के गुर
भिण्ड, 29 अप्रैल। दबोह नगर के अशासकीय स्वयंप्रभा विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन और विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नवागत थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने मां सरस्वती की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर की। इसके पश्चात विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि थाना प्रभारी का विद्यालय के परिवार द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया गया। बोर्ड परीक्षा में अव्वल आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अपनी कड़ी मेहनत का फल पाकर छात्रों के चेहरे खिले नजर आए।
मुख्य अतिथि दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर देने के साथ-साथ छात्रों को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को अपने छात्र जीवन से जुड़े कुछ अनुभव साझा किए। वहीं उन्होंने विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा 18 वर्ष से कम आयु के छात्र दुपहिया या चौपहिया वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि रेड लाइट जंप न करें और सड़क पर हमेशा बाएं चलें। सड़क पार करते समय और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें। क्योंकि छात्र देश का भविष्य हैं, यदि वे अनुशासित होकर यातायात नियमों का पालन करेंगे, तो हम एक सुरक्षित समाज का निर्माण कर पाएंगे।
विद्यालय के प्राचार्य शैलेश कुरचानिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एकाग्रता और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। जो कभी भी बेकार नहीं जाती। विद्यालय में कक्षा 12वीं में 192 छात्रों में 100 छात्रों ने अवल स्थान पर रहे वहीं 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 175 छात्रों में से 100 छात्रों भी मेधावी रहे। समारोह के अंत में विद्यालय प्रशासन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक रविन्द्र मांझी, आरक्षक रंजीत, सतेंद्र गुर्जर तथा विद्यालय के प्राचार्य शैलेश कुरचानिया, प्रधान अध्यापक अरविंद उदेनिया, शिक्षक रुजबान खान, समस्त स्टाफ, अभिभावक और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।।
इस मेधावी छात्रों ने किया विद्यालय का नाम रोशन
कक्षा 12वीं में वैष्णवी शिवहरे ने 95.8 प्रतिशत अंक हिंदी माध्यम, प्रिंसी राठौर ने 91.8 प्रतिशत अंक अंग्रेजी माध्यम, राखी पाल ने 91.8 प्रतिशत अंक अंग्रेजी माध्यम, 10वीं बोर्ड परीक्षा में अंश पांडेय ने 96.8 प्रतिशत अंक हिंदी माध्यम से प्राप्त कर प्रथम स्थान, अक्षरा गुर्जर ने 95.4 प्रतिशत अंक अंग्रेजी माध्यम प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।


