– पुलिस के हस्तक्षेप के बाद समयावधि सहित आश्वासन देने पर शांत हुआ मामला
भिण्ड, 29 अप्रैल। पूर्व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त भाजपा नेता डॉ. राजकुमार कुशवाह को एक शादी समारोह में उनके बकायादारों ने घेर लिया। इसके बाद काफी हंगामा होता रहा। करीब चार घंटे तक जब नहीं छोड़ा तो सूचना पर देहात थाना पुलिस वहां पहुंची और उन्हें थाने लेकर आई। बकायादार भी थाने पहुंच गए। पुलिस की समझाइश पर कुशवाह ने बकायादारों का पैसा देने का समयावधि सहित आश्वासन देना पड़ा, तब बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक 27 अप्रैल की शाम भारौली रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में बतौर मुख्य अतिथि आना था। निमंत्रण पत्र में उनका नाम छपा होने के कारण शहर और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिल गई थी। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष लंबे समय से उनसे अपना पैसा वापस मांग रहे थे। कुशवाहा रात करीब 9 बजे अपने समर्थकों के साथ शादी समारोह में पहुंचे। इसके बाद बकायादारों ने पहुंचकर उन्हें घेर लिया। जब कुशवाहा ने समझाने की कोशिश की, तो लोग भड़क गए और पैसे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। बकायादारों ने उनको वहां से जाने ही नहीं दिया और अपना पैसा मांगते रहे।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और हालात बिगड़ते देख उन्हें थाने ले गई। बकायादार वहां भी पहुंच गए। पुलिस थाने में काफी देर तक बातचीत चली, जिसके बाद कुशवाहा ने 10 मई तक बकाया राशि चुकाने का आश्वासन दिया, तब कहीं मामला शांत हुआ। बताया जा रहा है कि पूर्व राज्यमंत्री डॉ. राजकुमार कुशवाहा पर क्षेत्र के कई लोगों से किसी न किसी काम के ऐवज में पैसे लेने के आरोप हैं। जब उनका काम नहीं हुआ तो विवाद बढ़ा और लोग पैसा वापस मांगने पहुंचे थे।

